मशहूर अभिनेत्री ज़ायरा वसीम ने हाल ही में ट्विटर पर एक लंबा सा पोस्ट शेयर कर बॉलीवुड छोड़ने का ऐलान किया है। यही नहीं उन्होंने ये भी कहा कि उनका काम उनके धर्म के आड़े आ रहा था, इसलिए उन्होंने ये फैसला लिया था। ज़ायरा का ये पोस्ट देखते ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया। वहीं असली बवाल तो तब हुआ जब इस पोस्ट के एक दिन बाद कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ज़ायरा का अकाउंट हैक हो गया था और ज़ायरा के बॉलीवुड छोड़ने वाला पोस्ट हैकर ने किया है। वहीं अब इस मामले पर खुद ज़ायरा की सफाई आ गई है।
@news18
कुछ ही वक़्त पहले ज़ायरा ने ट्वीट कर कहा है, 'मैं ये साफ करना चाहूंगी कि मेरा कोई भी सोशल अकाउंट हैक नहीं हुआ है। इन सभी अकाउंट्स को मैं खुद हैंडल कर रही हूं। कृपया ऐसी किसी खबर पर विश्वास ना करें और ना ही ऐसी बातें फैलाएं. धन्यवाद!'

इससे पहले ज़ायरा के मैनेजर तुहिन मिश्रा का भी ऐसा बयान आ चुका है। उन्होंने कहा था कि जायरा का अकांउट हैक नहीं हुआ है। धर्म के लिए बॉलीवुड छोड़ने का उनका फैसला खुद का है। एक न्यूज एजेंसी को दिए बयान में मैनेजर ने कहा कि जो रिपोर्ट्स अकाउंट हैक होने का दावा कर रही हैं वो सभी झूठी हैं।